
सुशील जायसवाल
“सजग कोरबा” अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया
कोरबा। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “सजग कोरबा” अभियान के अंतर्गत पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रही विशेष कार्रवाई के तहत कोरबी चोटिया पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मिसिया निवासी चंद्रपाल उरे (30 वर्ष) के विरुद्ध पिछले कई महीनों से गांजा बेचने की सूचना मिल रही थी। चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने बताया कि आरोपी गांव में बेखौफ होकर अवैध मादक पदार्थ का कारोबार कर रहा था।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश दी, जहां से 110 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त सामग्री के साथ आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जमानत नहीं मिलने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






