
✍️ भागीरथी यादव
रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना उद्योग भवन के सामने की है, जहां एक युवक सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि मृतक युवक खाना लेकर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए घायल युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान काशीराम नगर निवासी सत्यदीप कुमार सेन (34 वर्ष) के रूप में की गई है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक चालक की तलाश सहित आगे की कार्रवाई जारी है।
