✍️ भागीरथी यादव
वार्ड 52 में जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ से आवागमन प्रभावित, निगम की अनदेखी पर उठ रहे सवाल
कोरबा। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 52 अयोध्यापुरी में सड़क की बदहाली अब लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण हालात ऐसे हैं कि इस मार्ग पर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी और सड़क पर फैले कीचड़ ने राहगीरों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इसके बावजूद नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से सड़क की स्थिति सुधारने के लिए अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी बदहाल मार्ग के पास आंगनबाड़ी केंद्र संचालित है, जहां प्रतिदिन छोटे-छोटे बच्चे पहुंचते हैं। सड़क पर बने गड्ढे और कीचड़ के बीच मासूम बच्चों को आवाजाही करनी पड़ रही है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा भी नहीं लग पाता, जिससे बच्चों के फिसलकर गिरने और चोटिल होने का खतरा बना रहता है।
इसी सड़क से नवीन हाई स्कूल और उप स्वास्थ्य केंद्र अयोध्यापुरी भी जुड़े हुए हैं। स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ मरीजों व उनके परिजनों को भी रोजाना इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए गड्ढों के बीच संतुलन बनाना मुश्किल है, वहीं पैदल राहगीरों को कीचड़ और पानी से होकर गुजरने की मजबूरी है।
जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है। कई बार समस्या की ओर ध्यान दिलाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। बारिश शुरू होते ही सड़क की हालत और खराब हो गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब यह मार्ग बच्चों, विद्यार्थियों और स्वास्थ्य केंद्र जाने वाले मरीजों के लिए महत्वपूर्ण है, तो नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी इसकी सुध कब लेंगे?
वार्डवासियों ने निगम प्रशासन से सड़क का तत्काल निरीक्षण कराने, गड्ढों को भरने और जलभराव की समस्या दूर करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि केवल अस्थायी मरम्मत के बजाय सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि हर बारिश में लोगों को इसी परेशानी का सामना न करना पड़े। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है।
