“पोटा केबिन-छात्रावास का औचक निरीक्षण, मूलभूत सुविधाओं पर प्रशासन सख्त”

  लोकसदान।  भोजन,शयनकक्ष से लेकर मेस पंजी तक की गहन जांच,संवाद कर जानी बच्चों की समस्याएं।  सुकमा :- कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर शनिवार को कोंटा विकासखंड स्थित पोटा केबिनों एवं आरएमएसए छात्रावासों का औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का नेतृत्व डिप्टी कलेक्टर सुश्री निधि प्रधान ने किया,जिनके साथ एपीसी आशीष राम एवं बीआरसी वीरभद्र राव मौजूद रहे। प्रशासनिक दल ने पैदाकुरती,एर्राबोर,कोंटा एवं मरईगुड़ा के पोटा केबिनों का दौरा कर बच्चों की मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया। भोजन और रहने की व्यवस्था की गहन पड़ताल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों के भोजन,शयनकक्ष,किचन और मेस हॉल की व्यवस्था का जायजा लिया। भोजन की गुणवत्ता और पौष्टिकता पर विशेष ध्यान देते हुए चखना पंजी एवं मेस पंजी का भी परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि बच्चों को संतुलित एवं स्वच्छ भोजन मिले। भवन,कक्ष और शौचालय की स्थिति पर फोकस डिप्टी कलेक्टर ने छात्रावास भवन की स्थिति का अवलोकन किया और आवश्यक मरम्मत कार्यों पर जोर दिया। निरीक्षण में अतिरिक्त कक्षों की कमी,शौचालयों की साफ-सफाई एवं बाउंड्री वॉल की आवश्यकता पर विशेष चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बुनियादी सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।   शिक्षक और अनुदेशकों की उपस्थिति पर निगरानी निरीक्षण के दौरान शिक्षक एवं अनुदेशकों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन कर नियमितता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की पढ़ाई और अनुशासन को प्राथमिकता दी जाए,साथ ही अनुपस्थिति पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।   बच्चों और शिक्षकों से संवाद कर जानी समस्याएं निरीक्षण दल ने बच्चों,शिक्षकों और अनुदेशकों से सीधे संवाद कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली। बच्चों ने साफ-सफाई, खेल सामग्री और अतिरिक्त गतिविधियों की मांग रखी। अधिकारियों ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और उचित समाधान का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने दी सख्त चेतावनी कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बच्चों की सुरक्षा,सुविधा और गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि “पोटा केबिन और छात्रावास हमारे नौनिहालों के भविष्य से जुड़े हैं, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं उत्कृष्ट और अनुकरणीय होनी चाहिए।”  

“बिहान योजना: 16 संकुल की महिलाओं ने सुनी ‘दीदी की बात’, साझा की सफलता की कहानियां”

  Loksadan।   बीजापुर :- महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मज़बूती देने के लिए रविवार को जिलेभर में “दीदी की बात” रेडियो कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत संचालित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के इस विशेष पहल ने न सिर्फ स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं में आत्मविश्वास जगाया,बल्कि उन्हें नई दिशा और सोच से भी परिचित कराया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर संबित मिश्रा के मार्गदर्शन और जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे के निर्देशन में किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष से लेकर जिले के सभी 16 संकुल संगठनों और चारों जनपद पंचायतों में इस कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना गया। जिला स्तरीय मुख्य आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा,जनप्रतिनिधि,समूह की महिलाएँ, विभिन्न संकुल संगठनों के प्रतिनिधि और अधिकारी–कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।     इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का प्रेरणादायी संदेश भी प्रसारित हुआ। उनके संदेश ने महिलाओं को यह भरोसा दिलाया कि शासन और प्रशासन हर कदम पर उनके साथ है।कार्यक्रम के दौरान बिहान योजना से जुड़ी अनेक जिलों की वास्तविक कहानियाँ सुनाई गईं,जिनमें नारायणपुर जिले की एक महिला की संघर्ष और सफलता की गाथा ने सभी को गहराई से प्रभावित किया। महिलाओं ने अपनी भावनाएँ साझा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें न केवल जानकारी मिलती है बल्कि यह विश्वास भी जागता है कि मेहनत और लगन से वे अपने समूह को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना सकती हैं। उन्होंने माना कि बिहान योजना उनके जीवन में आशा की नई किरण लेकर आई है,जिसने उन्हें छोटे-छोटे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। बीजापुर जिले की दीदियों का कहना था कि “दीदी की बात” जैसे प्रसारण कार्यक्रम उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और यह बताते हैं कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएँ भी सामूहिक प्रयास से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकती हैं। इस अवसर पर उपसंचालक पंचायत हिमांशु साहू,जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री कल्पना,विभिन्न संकुल संगठनों की दीदियाँ और कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित महिलाओं ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे अपने-अपने समूहों को मजबत बनाकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत करेंगी।

मासूमों की हँसी पर खतरा: दर्री क्षेत्र के स्कूल वाहन बन गए बच्चों की जान के लिए खतरा।”

         लोक सदन       दर्री प्रतिनिधि भागीरथी यादव  कोरबा – दर्री क्षेत्र के कई स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा अब गंभीर चिंता का विषय बन गई है। वाहन मालिकों द्वारा वाहन नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार स्कूली गाड़ियों में बच्चों को उनकी क्षमता से कहीं अधिक बैठाया जा रहा है। कई वाहन बिना फिटनेस सर्टिफिकेट और परमिट के दौड़ रहे हैं, जबकि चालक बिना लाइसेंस और सुरक्षा मानकों का पालन किए मासूम बच्चों की जान को जोखिम में डाल रहे हैं। माता-पिता अपने बच्चों के वाहन की सुरक्षा का खुद निरीक्षण करें और किसी भी लापरवाही पर तत्काल और स्थानीय अधिकारियों को अवगत कराएँ। 👉 अब वक्त आ गया है कि प्रशासन और परिवहन विभाग कड़ी कार्रवाई करे। अगर तत्काल कदम नहीं उठाए गए, तो मासूमों की जान किसी बड़ी दुर्घटना का शिकार हो सकती है।  

“पद्मनाभस्वामी थीम पर 111 फीट पंडाल, 21 फीट गणेश प्रतिमा के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब”

  Loksadan।   कोरबा/कटघोरा :- गणेशोत्सव के पावन अवसर पर कटघोरा नगर एक बार फिर भक्ति और श्रद्धा का गढ़ बन गया है। जयदेवा गणेशोत्सव समिति द्वारा आयोजित “कटघोरा का राजा” का भव्य आयोजन इस वर्ष भी अपनी अनूठी भव्यता और धार्मिक आस्था के कारण देशभर में सुर्खियों में है। रविवार को गणपति बप्पा के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े।   इस बार पंडाल का स्वरूप केरल स्थित पद्मनाभस्वामी मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया है। 111 फीट ऊँचे इस पंडाल में 21 फीट ऊँची श्री गणेश प्रतिमा विराजमान है,जिसका अलौकिक स्वरूप श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहा है। प्रतिमा के साथ ही जीवंत हनुमान जी की प्रतिमा,विविध धार्मिक झांकियां और आकर्षक साज-सज्जा भक्तों को अपनी ओर खींच रही हैं।   कारीगरों की महीनों की मेहनत भव्य पंडाल कोलकाता से आए कुशल कारीगरों ने एक माह से भी अधिक समय तक दिन-रात परिश्रम कर तैयार किया है। प्रतिमा और झांकियों का निर्माण राजनांदगांव जिले के थनौद ग्राम स्थित राधे आर्ट गैलरी में हुआ है। समिति हर वर्ष नई थीम पर भव्य पंडाल सजाने की परंपरा निभाती आ रही है। यही कारण है कि “कटघोरा का राजा” अब केवल कोरबा ही नहीं,बल्कि प्रदेश और देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका है।   श्रद्धालुओं का सैलाब भक्तों का उत्साह इस बार देखने लायक है। कोरबा जिले के अलावा जांजगीर-चांपा,बिलासपुर,अंबिकापुर, रायगढ़,शक्ति और कोरिया जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भीड़ में महिलाएं,बच्चे और बुजुर्ग सभी शामिल होकर गणपति बप्पा के दर्शन का लाभ ले रहे हैं। विशेष रूप से युवा और बच्चे पंडाल में आकर्षक झांकियों और प्रतिमाओं के साथ फोटो और सेल्फी लेते दिखाई दे रहे हैं।   गंगा आरती ने बांधा समा आरती के समय प्रस्तुत की जा रही गंगा आरती की थीम श्रद्धालुओं के बीच अत्यंत लोकप्रिय हो रही है। संगीतमय आरती के दौरान सैकड़ों भक्त एक स्वर में बप्पा की जय-जयकार करते हैं और भक्ति रस में डूब जाते हैं। डमरू,मंजीरा,ढोल-नगाड़े और शंखनाद से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है।   सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी स्वयं पंडाल स्थल और मेले की व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं। नगर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही “सजग कोरबा” के फ्लेक्स और म्यूजिकल संदेशों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भीड़ में सुरक्षित और सतर्क रहने की अपील की जा रही है।   स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा भव्य आयोजन से कटघोरा नगर की रौनक भी देखते ही बन रही है। मेले में सजाई गई दुकानों पर खिलौनों,मिठाइयों और सजावटी सामानों की खरीददारी से बाजार गुलजार हैं। स्थानीय छोटे व्यापारी और अस्थायी दुकानदारों के लिए यह आयोजन अतिरिक्त आय का साधन बन गया है।   आयोजन का महत्व और परंपरा 27 अगस्त से प्रारंभ हुआ यह गणेशोत्सव अब चरम पर है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग दर्शन के लिए आ रहे हैं और रात देर तक भक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले रहे हैं। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है,बल्कि सामाजिक एकता,सांस्कृतिक संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना भी है कटघोरा का राजा अब श्रद्धा,उत्साह और भक्ति का ऐसा केंद्र बन चुका है,जहां पहुंचकर हर कोई भक्तिभाव में सराबोर हो जाता है।

✨ आज का राशिफल (1 सितंबर सोमवार 2025)

Loksadan।        ♈ मेष (Aries) आज आप ऊर्जा और उत्साह से भरे रहेंगे। कार्यक्षेत्र में नई उपलब्धियां मिल सकती हैं। यदि आप नौकरी बदलना चाहते हैं तो अच्छे अवसर मिलेंगे। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। परिवार के साथ समय बिताने से मन प्रसन्न रहेगा। प्रेम जीवन में मिठास बनी रहेगी। 👉 शुभ रंग – लाल | शुभ अंक – 3 ♉ वृषभ (Taurus) आज का दिन आर्थिक दृष्टि से अनुकूल है। रुके हुए पैसे की प्राप्ति हो सकती है। व्यापारियों को लाभ होगा। दांपत्य जीवन सुखमय रहेगा। विद्यार्थियों के लिए दिन अच्छा है। सेहत में हल्की थकान हो सकती है, लेकिन कुल मिलाकर दिन सफल रहेगा। 👉 शुभ रंग – सफेद | शुभ अंक – 6 ♊ मिथुन (Gemini) आज भाग्य आपका पूरा साथ देगा। आप नई योजनाओं पर काम शुरू कर सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति मिल सकती है। परिवार में किसी शुभ कार्य का आयोजन होगा। पुराने मित्रों से मुलाकात हो सकती है। 👉 शुभ रंग – हरा | शुभ अंक – 5 ♋ कर्क (Cancer) आज का दिन आपके मान-सम्मान और पद-प्रतिष्ठा को बढ़ाएगा। व्यापार में लाभ होगा। नौकरी में वरिष्ठों का सहयोग मिलेगा। संतान पक्ष से शुभ समाचार मिल सकता है। घर-परिवार का माहौल खुशनुमा रहेगा। 👉 शुभ रंग – चांदी जैसा | शुभ अंक – 2 ♌ सिंह (Leo) आज आपकी रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता सामने आएगी। सामाजिक कार्यों में नाम और सम्मान मिलेगा। संतान की ओर से सुखद समाचार मिलेगा। प्रेम संबंध मजबूत होंगे। धन के नए स्रोत बन सकते हैं। 👉 शुभ रंग – सुनहरा | शुभ अंक – 1 ♍ कन्या (Virgo) आज किसी पुराने विवाद का समाधान होगा। धन लाभ के योग हैं। व्यापार में विस्तार हो सकता है। दफ्तर में जिम्मेदारी बढ़ सकती है लेकिन आप उसे अच्छे से निभाएंगे। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। 👉 शुभ रंग – नीला | शुभ अंक – 7 ♎ तुला (Libra) आज आपको किसी बड़े प्रोजेक्ट पर काम करने का अवसर मिलेगा। नए निवेश लाभदायक साबित होंगे। प्रेम जीवन में मिठास आएगी। पारिवारिक रिश्तों में मजबूती आएगी। सेहत का ध्यान रखें, छोटी-मोटी परेशानी हो सकती है। 👉 शुभ रंग – गुलाबी | शुभ अंक – 6 ♏ वृश्चिक (Scorpio) आज मेहनत का पूरा फल मिलेगा। नौकरी बदलने की सोच रहे हैं तो अच्छा अवसर मिलेगा। परिवार का सहयोग मिलेगा। लंबी यात्रा संभव है। प्रेम जीवन में स्थिरता आएगी। 👉 शुभ रंग – गहरा लाल | शुभ अंक – 9 ♐ धनु (Sagittarius) आज भाग्य आपके साथ है। धार्मिक कार्यों और यात्रा के योग हैं। विद्यार्थियों के लिए दिन शुभ है। कारोबार में लाभ होगा। अविवाहित लोगों के लिए विवाह प्रस्ताव आ सकते हैं। परिवार में शांति और सहयोग बना रहेगा। 👉 शुभ रंग – पीला | शुभ अंक – 3 ♑ मकर (Capricorn) आज कार्यक्षेत्र में सफलता मिलेगी। धन लाभ होगा। आपकी योजनाएं सफल होंगी। परिवार के साथ समय बिताने से मन प्रसन्न रहेगा। जीवनसाथी के सहयोग से कार्य पूरे होंगे। 👉 शुभ रंग – काला | शुभ अंक – 8 ♒ कुंभ (Aquarius) आज आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। नौकरी और व्यापार दोनों में प्रगति होगी। मित्रों का सहयोग मिलेगा। रिश्तों में मधुरता बनी रहेगी। सेहत सामान्य रहेगी। 👉 शुभ रंग – आसमानी | शुभ अंक – 4 ♓ मीन (Pisces) आज धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यों में मन लगेगा। कारोबार में लाभ मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों को अच्छे अवसर मिलेंगे। परिवार के बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। यात्रा आपके लिए लाभकारी रहेगी। 👉 शुभ रंग – नारंगी | शुभ अंक – 7 —– 🌟 आज किसके लिए दिन सबसे शुभ है? 🔮 धनु (Sagittarius) और मेष (Aries) राशि वालों के लिए आज का दिन अत्यंत शुभ रहेगा। धनु राशि वालों को भाग्य का साथ मिलेगा, व्यापार में लाभ और धार्मिक कार्यों में सफलता।

नैमेड़ कन्या पोटा केबिन की छात्रा ने की आत्महत्या।

  Loksadan।   बीजापुर – जिले के नैमेड़ थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। नैमेड़ कन्या पोटा केबिन आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं की छात्रा पिंकी कुरसम ने बीती रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुँची और छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। वर्तमान में शव जिला अस्पताल में रखा गया है और आगे की कार्यवाही जारी है। छात्रा के आत्महत्या करने के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, यह भी जानकारी सामने आई है कि विद्यालय में महज 6 दिन पहले ही नई अधीक्षिका की पदस्थापना की गई थी। घटना के बाद मृतका के परिजन व ग्रामीण जिला अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। वे आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

1500वें साल का जश्न – ईद मिलादुन्नबी पर निकलेगा बच्चों का जुलूस

    Loksadan।  कोरबा। इस साल रबीउल अव्वल माह में जश्ने ईद मिलादुन्नबी बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर इस्लामिक जमात कोरबा के तत्वावधान में जुलूसे मोहम्मदी का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष ईद मिलादुन्नबी के 1500वें साल का ऐतिहासिक जश्न मनाया जाएगा। खास तौर पर बच्चों और बड़ों का विशाल जुलूस 2 सितम्बर 2025, मंगलवार को निकाला जाएगा। यह जुलूस दोपहर 3 बजे से रताखार बाईपास रोड से शुरू होकर पावर हाउस रोड स्थित जामा मस्जिद तक पहुंचेगा। इस जुलूस में कारी सैय्यद शहब्बीर अहमद अशरफी साहब, कारी शाहिद हुसैन नूरी (कर्नाटक), जैनुल आबेदिन (कानपुरी), गाज़ी रज़ा खान (कर्नाटक) और अनस रज़ा कादरी (नागपुर) सहित अन्य धार्मिक विद्वान शामिल होंगे। आयोजन को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में गहरी उत्सुकता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति अपेक्षित है। इस्लामिक जमात कोरबा ने सभी समुदायों से शांति और भाईचारे के साथ इस जुलूस को सफल बनाने की अपील की।   

अन्य खबरे

माटी अधिकार मंच ने किया गेट जाम, समस्या समाधान हेतु त्रिपक्षीय वार्ता पर बनी सहमति
राज्य स्तरीय शूटिंग में कोरबा जिले के खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन। जूनियर और सीनियर वर्ग में जीता 3 मेडल
मुंगेली में NHM संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का 23वें दिन जल सत्याग्रह
कोरबा जिले के दर्री में सालेम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की बदहाल स्थिति, बच्चों को खुद लाना पड़ता है पानी, पंखे व साफ-सफाई में भी भारी कमी
नगर निगम की लापरवाही, गौसेवकों ने किया स्ट्रीट डॉग का अंतिम संस्कार
आदित्य सिंह उर्फ आदि की गुंडई ने उड़ाया कानून की धज्जियां, फरार आरोपियों पर पुलिस की खामोशी से बढ़ा जनआक्रोश”