
बीजापुर। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी नक्सली साजिश को समय रहते विफल कर दिया। आवापल्ली–मुरदण्डा सड़क मार्ग पर मुरदण्डा कैंप से करीब 3 किलोमीटर दूर 30 किलो का आईईडी बरामद किया गया।
12 फरवरी को सीआरपीएफ की 196वीं और 170वीं बटालियन की संयुक्त टीम डिमाइनिंग ड्यूटी पर निकली थी। तलाशी के दौरान जवानों को सड़क किनारे गहराई में दबा भारी विस्फोटक मिला।
सूचना पर बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंचा और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आईईडी को मौके पर ही नष्ट कर दिया। विस्फोट से सड़क पर गड्ढा हो गया, जिसे तुरंत भरकर आवागमन बहाल किया गया।
समय रहते कार्रवाई से संभावित बड़ी जनहानि टल गई है। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी है।





