जंगल से सागौन काटकर तस्करी कर रहे 5 आरोपी गिरफ्तार, पिकअप और आरा मशीन जब्त

✍️ भागीरथी यादव

 

 

सीपत (बिलासपुर)। बिलासपुर जिले के थाना सीपत अंतर्गत नवापारा ग्राम जेवरा के जंगल में सागौन की लकड़ी चोरी करने वाले एक अंतर-जिला गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी कर जांजगीर-चांपा जिले के 5 आरोपियों को दबोचा है, जो जंगल से कीमती सागौन काटकर पिकअप वाहन के जरिए तस्करी कर रहे थे।

आधी रात को दी दबिश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी 2026 की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली कि जेवरा जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से सागौन के पेड़ों की कटाई कर रहे हैं और लकड़ियों को पिकअप में भरकर ले जाने की तैयारी में हैं।

सूचना मिलते ही सीपत पुलिस द्वारा तत्काल टीम गठित कर रेड कार्रवाई की गई। इस दौरान ग्राम जेवरा के पास एक पिकअप वाहन (CG-11 AB-0612) को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। वाहन तिरपाल (पन्नी) से ढका हुआ था, जिसकी तलाशी लेने पर अंदर से सागौन के भारी लट्ठे और कटर मशीन बरामद हुई।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पकड़े गए सभी आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के थाना बलौदा क्षेत्र के रहने वाले हैं:

रामचंद कुर्रे (41 वर्ष), निवासी बिरगहनी।

संतोष कुमार (50 वर्ष), निवासी बिरगहनी।

जय सिंह ओगरे (62 वर्ष), निवासी ठरगा बहरा।

लिल्लू राम पटेल (56 वर्ष), निवासी महुदा।

रघुवीर सिंह मरावी (40 वर्ष), निवासी महुदा।

कुल 2.21 लाख का मशरूका जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई संपत्ति और तस्करी में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है:

सागौन के लट्ठे: 16 नग (कीमत ₹65,827)

मशीनरी: डीजल आरा मशीन एवं ब्लेड (कीमत ₹6,000)

वाहन: पिकअप क्रमांक CG-11 AB-0612 (कीमत ₹1,50,000)

कुल जब्ती: ₹2,21,827

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल

सीपत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सागौन की अवैध कटाई और चोरी के मामले में सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद सभी पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।