
सुशील जायसवाल
विधायक तुलेश्वर मरकाम ने दो कच्चे पहुंच मार्गों के सीसी रोड निर्माण की घोषणा
कोरबा (कोरबी-चोटिया)।
जिले के अंतिम सीमा क्षेत्र एवं पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घोसरा में प्रत्येक तीन वर्ष में आयोजित होने वाले पारंपरिक गौरा-गौरी महोत्सव का समापन समारोह गुरुवार 8 जनवरी को भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक तुलेश्वर मरकाम शामिल हुए।

महोत्सव स्थल पर आयोजित सुआ नृत्य में विशाल जनसमूह की उपस्थिति के बीच सांसद ज्योत्सना महंत ने भी सहभागिता निभाई और नृत्य दलों को प्रोत्साहन स्वरूप राशि भेंट की। वहीं विधायक तुलेश्वर मरकाम ने भी महिला नृत्य दलों को एक हजार रुपये की भेंट प्रदान की।

अपने उद्बोधन में सांसद श्रीमती महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति और परंपराएं आज भी जीवंत हैं। गौरा-गौरी विवाह की यह परंपरा गांवों में पूजा-पाठ, सेवा भाव, नाच-गान और रात्रि में गौरा देव की बारात के साथ गौरी देवी के विवाह के रूप में बड़े हर्षोल्लास से मनाई जाती है, जो हमारी सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है।

विधायक तुलेश्वर मरकाम ने कहा कि घोसरा गांव में हजारों की संख्या में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं की उपस्थिति इस महोत्सव की गरिमा को दर्शाती है। उन्होंने ग्राम सरपंच श्रीमती शाम बाई बिंझवार एवं ग्रामीणों की मांग पर मंच से ही मुख्य मार्ग से गौरा-गौरी पूजा स्थल तक तथा मुख्य मार्ग से माध्यमिक शाला स्कूल तक दो कच्चे पहुंच मार्गों के सीसी रोड निर्माण की घोषणा विधायक निधि से किए जाने की बात कही।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से हरिष परसाई, किरण चौरसिया, पूर्व विधायक मोहित राम केरकेट्टा, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी ताना खार, दुलेश्वरी बाई, जुनैद खान, जनपद सदस्य भारत सिंह, विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम, जिला पंचायत सदस्य एवं जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम, ग्राम पंचायत घोसरा के सरपंच प्रतिनिधि मनोहर सिंह बिंझवार, उपसरपंच सुंदरलाल, सचिव अमृतलाल, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार सुशील जायसवाल उपस्थित रहे।
शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।






