सुशील जायसवाल, कोरबी-चोटिया
कोरबी-चोटिया। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोरबी स्थित सेजेस हायर सेकेंडरी स्कूल में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत इस यात्रा में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य एस.के. दिनकर द्वारा राष्ट्रध्वज तिरंगे को नमन करने के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को विधिवत रवाना किया।
तिरंगा यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे छात्र-छात्राओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। यात्रा का जगह-जगह स्थानीय नागरिकों द्वारा स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन ने ग्रामीण क्षेत्र में भी राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
