
✍️ भागीरथी यादव
बेलगहना (बिलासपुर): बिलासपुर पुलिस के डॉग स्क्वायड की जांबाज सदस्य ‘विमला’ ने एक बार फिर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। दो दिनों से लापता एक शख्स को विमला ने घने जंगलों के बीच 10 किलोमीटर तक ट्रैकिंग कर सुरक्षित ढूंढ निकाला। यदि समय रहते पुलिस और विमला मौके पर न पहुँचते, तो भूखे-प्यासे और अचेत अवस्था में जंगल में फंसे व्यक्ति के साथ कोई अनहोनी हो सकती थी।
क्या था पूरा मामला?
ग्राम डांडबछाली निवासी तरुण सिदार (48 वर्ष) बीते 19 फरवरी को खेत जाने के नाम पर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने जब तलाश शुरू की, तो पता चला कि उन्हें अंतिम बार गांव के ही कुछ साथियों के साथ शराब पीते देखा गया था। किसी अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने चौकी बेलगहना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
सुराग मिलते ही सक्रिय हुई टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल टीम गठित की गई। संदिग्ध स्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को लापता तरुण की टोपी और चप्पल बरामद हुई। यहीं से जांच का जिम्मा डॉग स्क्वायड को सौंपा गया।
10 किलोमीटर का सफर और विमला का कमाल
बिलासपुर से डॉग हैंडलर मनोज साहू के साथ पुलिस डॉग विमला मौके पर पहुंची। विमला ने मौके से मिले सामान को सूंघा और पहाड़बछाली के दुर्गम और घने जंगलों की ओर रुख किया। करीब 10 किलोमीटर तक लगातार सर्चिंग करने के बाद विमला ने झाड़ियों के बीच अचेत पड़े तरुण सिदार को खोज निकाला।
नशे और ग्लानि के कारण जंगल में छिपा था युवक
बरामदगी के बाद तरुण को प्राथमिक उपचार दिया गया। पूछताछ में पता चला कि अत्यधिक नशे की हालत में होने और उसके बाद होने वाली आत्मग्लानि के कारण वह 19 फरवरी की रात से ही बिना खाए-पिए जंगल में रह रहा था। बेलगहना पुलिस और डॉग विमला की इस तत्परता ने एक घर का चिराग बुझने से बचा लिया।
पुलिस डॉग विमला ने पहले भी कई पेचीदा मामलों को सुलझाने में बिलासपुर पुलिस की अहम मदद की है।
हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ने के लिए निचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.
👇👇👇👇👇👇👇
https://chat.whatsapp.com/IIZu8jzW5djJZKwgR8YR7w?mode=gi_t
