खैरागढ़ हत्याकांड: शादी का दबाव बना रही प्रेमिका की पत्थर से कुचलकर हत्या, लाश को पत्थर से बांध डैम में फेंका

Oplus_16908288

 

 

✍️ भागीरथी यादव

 

 

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के नवगठित खैरागढ़ जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की न केवल बेरहमी से हत्या की, बल्कि उसकी पहचान मिटाने और पकड़े जाने के डर से लाश को पत्थर से बांधकर डैम की गहराइयों में धकेल दिया। पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड आनंद वर्मा को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

मेले की दोस्ती का खूनी अंत

​पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आनंद वर्मा (21), जो मेलों में झूला चलाने का काम करता है, उसकी मुलाकात तीन साल पहले भिलाई की रूपा साहू (21) से हुई थी। दोस्ती प्यार में बदली और बात शादी तक पहुंच गई। रूपा लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जबकि आनंद इस जिम्मेदारी से पीछा छुड़ाना चाहता था।

वारदात का पूरा घटनाक्रम

  • अंतिम मुलाकात: 25 जनवरी को रूपा भिलाई से हड़वा गांव (आनंद के घर) पहुंची थी।
  • डैम पर विवाद: शाम को आनंद उसे बाइक पर बैठाकर हड़वा डैम ले गया। वहां शारीरिक संबंध बनाने के बाद रूपा ने फिर से शादी की बात छेड़ी।
  • क्रूरता की हदें: विवाद इतना बढ़ा कि आनंद ने पास पड़े भारी पत्थर से रूपा के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। रूपा के बेहोश होने के बाद भी वह तब तक पत्थर बरसाता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
  • सबूत मिटाने की कोशिश: पकड़े जाने के डर से आरोपी ने रूपा की कमर को दो गमछों के सहारे एक भारी पत्थर से बांधा और उसे डैम के पानी में फेंक दिया ताकि लाश ऊपर न आ सके।

आधार कार्ड और चप्पल ने खोला राज

​26 जनवरी को डैम में शव तैरता देख इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को मौके से कुछ दूरी पर एक कैरी बैग मिला, जिसमें रखे आधार कार्ड और अस्पताल के दस्तावेजों की मदद से मृतिका की पहचान रूपा साहू के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुष्टि की कि मौत सिर पर गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने की वजह से हुई है।

“आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।”