
सुशील जायसवाल
कोरबी/चोटिया। पसान थाना अंतर्गत कोरबी पुलिस चौकी परिसर में शुक्रवार 6 मार्च को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान चौकी परिसर में पंडाल लगाया गया था, जहां डीजे की मधुर धुन पर सभी उपस्थित लोग होली के रंग में सराबोर नजर आए। आगंतुकों ने चौकी प्रभारी एएसआई सुरेश कुमार जोगी सहित पुलिस स्टाफ को गुलाल लगाकर बधाई दी और गले मिलकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने कहा कि होली केवल रंग खेलने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह सामाजिक सौहार्द, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है। यह पर्व हमें साल भर के गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे के साथ मिलकर खुशियां बांटने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम, चंदन जायसवाल,राजेश जायसवाल, सिरमिना मंडल अध्यक्ष सोहन सिंह मरकाम, महामंत्री राकेश जायसवाल, चोटिया-कोरबी मंडल के पदाधिकारी रंजीत जायसवाल, सुरेश जायसवाल, पूर्व जनपद सदस्य दीपक उदय, राजू गुप्ता, जनपद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश केराम, जनपद सदस्य वेद प्रताप सिंह, इंद्रपाल सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार मौजूद रहे।
होली मिलन समारोह के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच आपसी सहयोग, विश्वास और सौहार्द का सकारात्मक संदेश देखने को मिला।






