
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने युवक को जाल में फंसाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर पैसे मांगने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 6 मार्च 2026 को थाना पचपेड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि 1 फरवरी 2026 की शाम ग्राम धुर्वाकारी में रहने वाली रोशनी खुंटे ने अपने बेटे के जन्मदिन का बहाना बनाकर उसे घर बुलाया था। उस समय प्रार्थी की एक महिला मित्र भी वहां मौजूद थी।
आरोप है कि जन्मदिन की पार्टी शाम को होने की बात कहकर रोशनी खुंटे ने पहले ही अपने परिवार के सदस्यों को घर से बाहर भेज दिया था। इसके बाद उसने प्रार्थी और उसकी महिला मित्र को कमरे में भेजकर संबंध बनाने के लिए कहा। इस दौरान आरोपिया ने गुप्त रूप से मोबाइल छुपाकर उनका वीडियो बना लिया।
कुछ समय बाद आरोपिया रोशनी खुंटे ने प्रार्थी के मोबाइल पर वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजते हुए पूरा वीडियो वायरल करने की धमकी दी और एक लाख रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया में फैलाने की बात कहकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
पीड़ित की शिकायत पर थाना पचपेड़ी पुलिस ने आरोपिया रोशनी खुंटे (28 वर्ष), पति करन खुंटे, निवासी हेडसपुर थाना पामगढ़ जिला जांजगीर-चांपा, हाल मुकाम ग्राम धुर्वाकारी थाना पचपेड़ी जिला बिलासपुर के खिलाफ धारा 308(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी अलग से की है। मामले की आगे की जांच जारी है।







