बलरामपुर में अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, तीन पिकअप जब्त – 175 बोरी धान कब्जे में

✍️ भागीरथी यादव

 

बलरामपुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच जिले में अवैध परिवहन पर नकेल कसते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देश पर रामानुजगंज और कुसमी क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई कर प्रशासनिक टीमों ने कुल 175 बोरी अवैध धान से भरे तीन पिकअप वाहनों को जब्त किया है।

 

रामानुजगंज में पीछा कर पकड़ी गई गाड़ी

 

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आनंद राम नेताम के नेतृत्व में राजस्व टीम ने उत्तर प्रदेश से आ रहे एक संदिग्ध पिकअप का पीछा किया। लगभग 4–5 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद वाहन को विमलापुर जंगल के पास रोका गया। जांच में पिकअप में 70 बोरी धान लदा पाया गया, जिसके बाद तत्काल जब्ती की कार्रवाई की गई।

 

कुसमी में दो वाहन धान के साथ पकड़े गए

 

इसी क्रम में कुसमी एसडीओआर करुण डहरिया के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए ग्राम अमटाही में दो पिकअप वाहनों को रोका गया। इन वाहनों में झारखंड से लाया जा रहा 105 बोरी अवैध धान मिला। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित थानों को सौंप दिया गया है।

 

सीमावर्ती क्षेत्रों में सख्त निगरानी

 

राज्य के सीमावर्ती जिलों में अवैध धान आवक पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी टीमें सक्रिय हैं। कोचियों और बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 

प्रशासन ने जनता से की अपील

 

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत दें। शिकायतकर्ता की पहचान को गोपनीय रखा जाएगा।

 

प्रशासन का संदेश साफ है—अवैध धान परिवहन और भंडारण करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।