✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 13 अगस्त 2026। जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिहावा पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे 10 जुआरियों को अलग-अलग दो प्रकरणों में रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6,730 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई ग्राम सेमरा गौठान के अंदर स्ट्रीट लाइट के नीचे की गई। यहां जुआ खेल रहे छन्नू लाल साहू (39) और वेद कुमार नेताम (26) को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 530 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई। इस मामले में अप.क्र. 62/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ निवारण अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई ग्राम रतावा के गौरा चौक स्थित स्ट्रीट लाइट के नीचे की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जुआ खेल रहे सोनसाय नेताम (27), जीतेन्द्र कुमार नेताम (34), सिवन नेताम (35), केशव नेताम (35), सोनऊ राम नेताम (30), गुलाब सिंह ठाकुर (62), महेश पल्ली (62) और लीलेश्वर पवार (62) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 6,200 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई। इस मामले में अप.क्र. 64/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ निवारण अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।
दोनों मामलों में सिहावा पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर 6,730 रुपये नगद जब्त किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
