राहगीर से मारपीट कर 10 हजार की लूट, दो आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार…

✍️ भागीरथी यादव

 

फल खरीदने के लिए रुका था युवक, मारपीट कर नकदी और दस्तावेजों से भरा पर्स लूटकर हुए थे फरार; 3,700 रुपये और वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक जब्त

 

धमतरी। जिले के सांकरा मोड़ के पास राहगीर से मारपीट कर 10 हजार रुपये लूटने के मामले में अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 3,700 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गातापार निवासी 28 वर्षीय शीतल कुमार साहू 13 नवंबर को अपनी मोटरसाइकिल से ससुराल ग्राम भोथली में आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। दोपहर करीब 1:20 बजे वे ग्राम सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास फल खरीदने के लिए रुके थे। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल से पहुंचे दो युवकों ने उन्हें अकेला पाकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए जेब से 10 हजार रुपये नकद तथा आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड रखे पर्स को लूटकर फरार हो गए।

 

घटना की रिपोर्ट पर अर्जुनी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 187/26 के तहत धारा 309(6) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर आरोपियों की तलाश की गई। प्रार्थी द्वारा आरोपियों की मोटरसाइकिल का नंबर CG 05 AU 8630 नोट किया गया था। इसी सुराग और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ग्राम सांकरा निवासी नितिन साहू और संदीप सोरी उर्फ विनय को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

 

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि लूटे गए 10 हजार रुपये आपस में पांच-पांच हजार रुपये बांट लिए थे तथा पर्स को दस्तावेजों सहित फेंक दिया था। लूट की रकम में से कुछ राशि खाने-पीने में खर्च कर दी गई थी।

 

पुलिस ने आरोपी नितिन साहू के कब्जे से 2,450 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, जबकि संदीप सोरी उर्फ विनय के कब्जे से 1,250 रुपये नकद बरामद किए। इस तरह कुल 3,700 रुपये नकद जब्त किए गए।

 

गिरफ्तार आरोपियों में नितिन साहू (25 वर्ष), पिता कबीर दास साहू तथा संदीप सोरी उर्फ विनय (18 वर्ष 3 माह), पिता महेश सोरी, दोनों निवासी ग्राम सांकरा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को 14 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी धमतरी के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 

इस कार्रवाई में थाना अर्जुनी पुलिस टीम एवं वैज्ञानिक अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस को दें।