कोरबी आत्मानंद स्कूल की बदहाल शिक्षा व्यवस्था पर डीईओ सख्त, 22 नवंबर तक शिक्षक नियुक्त करने के निर्देश…

 

सुशील जायसवाल

 

कोरबा (कोरबी-चोटिया)। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र कोरबी स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम हायर सेकेंडरी स्कूल की बदहाल शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की कमी को लेकर शिक्षा विभाग ने गंभीरता दिखाई है। शनिवार को जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय एवं कटघोरा विकासखंड शिक्षा अधिकारी अभिमन्यु टेकाम ने विद्यालय पहुंचकर शिक्षा समिति, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के साथ बैठक की। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अधिकारियों के सामने विद्यालय की अव्यवस्थाओं और नियमित पढ़ाई नहीं होने की शिकायतें रखीं।

कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने बताया कि पिछले कई महीनों से विद्यालय में नियमित अध्यापन नहीं हो रहा है। कई विषयों का पाठ्यक्रम अधूरा है और कुछ अध्यायों की पढ़ाई भी पूरी नहीं हो पाई है। आगामी बोर्ड परीक्षा को देखते हुए विद्यार्थियों ने चिंता जताई कि समय पर पाठ्यक्रम पूरा नहीं होने से उनके परीक्षा परिणाम प्रभावित हो सकते हैं। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के बीच आपसी तालमेल की कमी, विवाद और अनुशासनहीनता को भी पढ़ाई प्रभावित होने का कारण बताया। साथ ही जीव विज्ञान विषय के शिक्षक की कमी की समस्या अधिकारियों के सामने रखी।

 

बच्चों की शिकायतें सुनकर जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षक का सबसे बड़ा दायित्व विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है। बच्चों का पढ़ना उनका अधिकार है और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ नियमित कक्षाएं संचालित करने और विद्यार्थियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

 

22 नवंबर तक जीव विज्ञान शिक्षक और भृत्य की व्यवस्था

 

जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि शिक्षा समिति की उपस्थिति में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर 22 नवंबर तक जीव विज्ञान विषय के एक मानदेय शिक्षक और एक भृत्य की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए अधूरे पाठ्यक्रम को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने तथा नियमित अध्यापन की व्यवस्था करने पर जोर दिया।

 

कलेक्टर तक शिकायत लेकर पहुंचे थे विद्यार्थी

 

अधिकारियों ने बताया कि विद्यालय की समस्याओं को लेकर 12 नवंबर को विद्यार्थी जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर के समक्ष अपनी शिकायत रखने गए थे। समाचार प्रकाशित होने के बाद मामला जिला शिक्षा अधिकारी के संज्ञान में आया, जिसके बाद उन्होंने स्वयं विद्यालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधितों से चर्चा की।

 

जर्जर शौचालय की मरम्मत का मुद्दा भी उठा

 

बैठक में विद्यालय परिसर के जर्जर शौचालय की समस्या भी सामने आई। शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों ने बताया कि शौचालय की खराब स्थिति के कारण विद्यार्थियों और कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। इस पर डीईओ ने पंचायत के प्रस्ताव के माध्यम से जी राम जी मद से मरम्मत कार्य कराने के लिए मांग रखने की बात कही।

 

नए भवन में एक पाली में संचालित होगा स्कूल

 

बैठक के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के नवीन आत्मानंद भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था के लिए नए भवन में स्कूल का संचालन एक ही पाली में करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित कक्षाएं संचालित करने और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

 

पूर्व प्रभारी प्राचार्य को हटाए जाने की जानकारी

 

डीईओ ने बताया कि विद्यालय के पूर्व प्रभारी प्राचार्य एस.के. दिनकर के विरुद्ध गंभीर शिकायतें मिलने के बाद उन्हें प्रभारी पद से हटाकर कार्यमुक्त कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय में अनुशासन, नियमित अध्यापन और जवाबदेही सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है।

 

विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर डीईओ के सीधे हस्तक्षेप से ग्रामीणों और पालकों में उम्मीद जगी है। अब क्षेत्रवासियों की नजर 22 नवंबर तक शिक्षक एवं भृत्य की व्यवस्था, नए भवन में एक पाली में संचालन और अधूरे पाठ्यक्रम को पूरा कराने के निर्देशों के पालन पर टिकी है।

 

इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच राजू राम मरावी, उपसरपंच मुरारी लाल जायसवाल, पंच राजेश जायसवाल, पंच लकमी मरावी, सुरेश जायसवाल सहित आसपास के गांवों के पालक, विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।