
✍️ भागीरथी यादव
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने कक्षा 12वीं के हिंदी विषय की परीक्षा को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। मंडल द्वारा जारी आदेश के अनुसार 14 मार्च 2026 को आयोजित हिंदी परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है। अब यह परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को पुनः आयोजित की जाएगी।
दरअसल, 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया एवं कुछ समाचार पत्रों में हिंदी विषय के सेट ‘सी’ का प्रश्नपत्र लीक होने का दावा किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच साइबर थाने में दर्ज कराई गई, वहीं सिटी कोतवाली में भी एफआईआर दर्ज की गई है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद 23 मार्च 2026 को परीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जांच और तथ्यों के आधार पर परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया। मंडल ने स्पष्ट किया है कि निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
मंडल ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं। छात्रों से अपील की गई है कि वे नई तिथि के अनुसार परीक्षा की तैयारी जारी रखें।
