हत्या के प्रयास के तीन फरार आरोपी गिरफ्तार देखें वीडियो….

✍️ भागीरथी यादव

 

बिलासपुर। हत्या के प्रयास और बलवा के मामले में पांच साल से फरार चल रहे तीन आरोपियों को आखिरकार मल्हार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे आरोपियों का ठिकाना बदलना भी उन्हें गिरफ्तारी से नहीं बचा सका। मुखबिर की एक सूचना पर पुलिस ने सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी की और तीनों को धर दबोचा। खास बात यह है कि गिरफ्तारी के साथ ही आरोपियों के खिलाफ लंबित चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली की गई।

मामला 9 मार्च 2021 का है। ग्राम बिनेका में ओमप्रकाश कुर्रे, उसके पुत्र लव कुर्रे और राजेश कुर्रे ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रामेश्वर कोसले एवं अन्य लोगों पर हमला किया था। आरोपियों ने हत्या की नीयत से मारपीट करते हुए पीड़ितों को गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। घटना के बाद थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 94/2021 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

 

लेकिन मामला दर्ज होने के बाद से ही तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस भी उनकी तलाश में जुटी हुई थी, मगर हर बार आरोपी हाथ आने से पहले ही ठिकाना बदल लेते थे।

 

लंबे समय से लंबित इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार ने चौकी मल्हार पुलिस की विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश तेज कराई।

 

इसी बीच पुलिस को मुखबिर से अहम जानकारी मिली कि तीनों आरोपी सिरगिट्टी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए इलाके में गोपनीय घेराबंदी की और दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पांच साल से फरारी काट रहे आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता रही।

 

गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश कुर्रे (55 वर्ष), उसका पुत्र लव कुर्रे (30 वर्ष) और राजेश कुर्रे शामिल हैं। तीनों ग्राम बिनेका के निवासी हैं।

 

चार स्थाई वारंट भी निकले लंबित

 

पुलिस की कार्रवाई में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई। तीनों आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2018 से संबंधित अन्य मामलों में कुल चार स्थाई गिरफ्तारी वारंट भी लंबित थे। पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान इन चारों वारंटों की भी तामिली की। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।