✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। दीपावली के पावन अवसर पर आपसी सौहार्द और आत्मीयता का संदेश लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला कोरबा के पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन से उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान फेडरेशन के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उन्हें पंच दिवसीय दीप पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
फेडरेशन के जिला संयोजक डॉ. तरुण सिंह राठौर एवं उप संयोजक विपिन यादव के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने धनतेरस, रूप चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज के पावन अवसर पर मंत्री के स्वस्थ, सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
मुलाकात के दौरान दीपावली के उल्लास के बीच आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक समरसता और संगठन की मजबूती को लेकर भी चर्चा हुई। संयोजक डॉ. तरुण सिंह राठौर ने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने के साथ ही समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देता है। ऐसे पर्व सभी को मिल-जुलकर समाज और प्रदेश की उन्नति में योगदान देने की प्रेरणा देते हैं।
वहीं उप संयोजक विपिन यादव ने कहा कि दीपावली केवल खुशियां मनाने का पर्व नहीं, बल्कि आपसी संबंधों को मजबूत करने और एकजुटता की भावना को आगे बढ़ाने का अवसर भी है। कर्मचारी हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती के लिए सभी को सहयोग एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी फेडरेशन के पदाधिकारियों को दीप पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान के.आर. डहरिया, ओमप्रकाश बघेल, मानसिंह राठिया, जय कुमार राठौर, विनय शुक्ला, डॉ. अजय प्रताप सिंह, कीर्ति लहरे, चंद्रशेखर नागर्ची, पन्नालाल पटेल, हवेल सिंह अघरिया, राजेश तिवारी, पीयूष निर्मलकर, नरेंद्र श्रीवास, गुलाब दास महंत सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
