✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर दर्री डैम से भवानी मंदिर तक राखड़ परिवहन करने वाले भारी वाहनों के कारण राहगीरों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। राखड़ से भरे भारी वाहन रास्ते में राखड़ गिराते हुए गुजर रहे हैं। इसके चलते सड़क पर जगह-जगह राखड़ फैल गई है, जो वाहनों की आवाजाही के साथ धूल बनकर हवा में उड़ने लगती है।
इस मार्ग पर सबसे ज्यादा परेशानी बाइक और स्कूटी चालकों को हो रही है। भारी वाहनों के गुजरते ही सड़क पर राखड़ का गुबार उठने लगता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को सामने का रास्ता दिखाई देना मुश्किल हो जाता है। आंखों में राखड़ जाने से वाहन चलाने में परेशानी होती है, वहीं अचानक दृश्यता कम होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
धूल और राखड़ के कारण छोटे वाहन चालकों को भारी वाहनों के पीछे चलना मुश्किल हो रहा है। कई बार धूल का गुबार इतना घना हो जाता है कि कुछ दूरी तक सड़क दिखाई नहीं देती। ऐसे में बाइक और स्कूटी चालकों को धीमी गति से वाहन चलाना पड़ता है। पैदल चलने वाले राहगीर भी इस समस्या से प्रभावित हो रहे हैं।
सड़क पर लगातार फैल रही राखड़ से आसपास का वातावरण भी धूलमय बना हुआ है। राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी के साथ कपड़ों और आसपास की दुकानों पर राखड़ जमने जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दर्री डैम से भवानी मंदिर तक यह स्थिति सड़क से गुजरने वाले लोगों के लिए रोजमर्रा की परेशानी बन गई है। भारी वाहनों से गिरती राखड़ और सड़क पर उड़ती धूल के कारण इस मार्ग पर छोटे वाहनों से आवागमन करना जोखिम भरा होता जा रहा है।
