मरम्मत नहीं हुई तो एसईसीएल विजय वेस्ट में तालाबंदी और स्टेट हाईवे पर चक्काजाम की चेतावनी
सुशील जायसवाल
कोरबी/रानीअटारी। कोरबी से रानीअटारी स्थित एसईसीएल विजय वेस्ट तक जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की जर्जर हालत को लेकर अब गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मोर्चा खोलते हुए संबंधित प्रबंधन को 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है।

जानकारी के अनुसार, उक्त मार्ग एसईसीएल रानीअटारी विजय वेस्ट प्रबंधन के अधीन है। इस मार्ग से भारी वाहनों की लगातार आवाजाही होती है, लेकिन समय पर मरम्मत और रखरखाव नहीं होने के कारण सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण आए दिन आवागमन प्रभावित हो रहा है।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जनहित और राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए शासन-प्रशासन तथा एसईसीएल प्रबंधन से तत्काल सड़क मरम्मत कराने की मांग की है। पार्टी ने संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर मरम्मत कार्य शुरू कराने का अल्टीमेटम दिया है।
मांग पूरी नहीं हुई तो होगा आंदोलन
पार्टी ने चेतावनी दी है कि निर्धारित 15 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत एसईसीएल विजय वेस्ट रानीअटारी में तालाबंदी अथवा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम किया जा सकता है। पार्टी ने कहा है कि आंदोलन की स्थिति निर्मित होने पर इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और संबंधित प्रबंधन की होगी।
