✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। शहर में खुलेआम चल रहे जुए के खेल पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 3 लाख 9 हजार 350 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश बरामद की है। यह कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस ने सोरिद नगर के डीपो पारा रोड पर की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि सोरिद नगर स्थित डीपो पारा रोड पर भोला साहू के घर के पास बने चबूतरे पर कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे सात लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने जुए के फड़ से 2 लाख 350 रुपये तथा आरोपियों के पास से 1 लाख 9 हजार रुपये बरामद किए। इस तरह कुल 3 लाख 9 हजार 350 रुपये की नगदी जब्त की गई। इसके अलावा 52 पत्ती ताश भी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में पुरुषोत्तम महावर, उमेश देवांगन, भोलाराम साहू, कमलेश गोयल, मनीष उर्फ मनोज राठी, गोपाल उर्फ छोटू साहू और संतोष शर्मा शामिल हैं। सभी आरोपी धमतरी के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 291/16 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
