✍️ भागीरथी यादव
जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। डिघोरा गांव में एक पिता ने अपने ही बेटे पर टंगिया से हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
मृतक की पहचान रावेन्द्र मरावी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रावेन्द्र को शराब पीने की लत थी। नशे की हालत में वह अक्सर घर में विवाद करता था और परिजनों के साथ मारपीट भी करता था। बताया जा रहा है कि सोमवार रात भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा और परिवार के सदस्यों के साथ विवाद करने लगा।
इसी दौरान बेटे की हरकतों से परेशान पिता ने गुस्से में आकर टंगिया से उस पर हमला कर दिया। हमले में रावेन्द्र गंभीर रूप से घायल होकर घर के आंगन में गिर पड़ा। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पिता सीधे मुलमुला थाने पहुंचा और हत्या की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पिता को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
