बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक में लगाई आग देखें वीडियो….

✍️ भागीरथी यादव

 

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कठौतिया के पास तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को आग के हवाले कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 16 निवासी दो युवक मंगलवार सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान कठौतिया के पास उनकी बाइक की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

 

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। युवकों की मौत से नाराज लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक आग की लपटों से घिर गया और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रक में आगजनी के मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। वहीं दुर्घटना के बाद से फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

 

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रक आग की लपटों में घिरा दिखाई दे रहा है और आसपास से वाहन गुजरते नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।