सुशील जयसवाल
प्रधान पाठक और सरपंच भी पकड़े गए, 32 हजार नकद समेत 1.83 लाख की सामग्री जब्त
पसान/कोरबा। कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेलियामार में संचालित जुए के फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। 9 नवंबर को पुलिस ने अचानक दबिश देकर मौके पर जुआ खेल रहे सभी लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में एक शासकीय स्कूल के प्रधान पाठक और ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच का नाम भी शामिल है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस के अनुसार, मौके से 52 पत्ती ताश, जुए में दांव पर लगाए गए 32 हजार रुपये नकद, एक लाल गमछा, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 83 हजार रुपये बताई गई है। इसमें मोटरसाइकिलों की कीमत लगभग एक लाख और मोबाइल फोन की कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है।
प्रधान पाठक और सरपंच के नाम ने खींचा ध्यान
कार्रवाई में शासकीय प्राथमिक शाला पड़रिपानी में पदस्थ प्रधान पाठक गजेंद्र यादव और ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच सहदेव आर्मो भी पकड़े गए हैं। जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों के नाम जुआ खेलने के मामले में सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और पंचायत प्रशासन की जवाबदेही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
ये 13 लोग पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए लोगों में शैलेंद्र जेम्स (45), कपिल सिंह (54), रवि ठाकुर (50), गजेंद्र यादव (30), सोनसाय (50), दशरथ खलखो (35), कैलाश कुंजूज (25), शौभमन (41), चन्द्रभान कौशिक (35), राजकुमार रजक (25), समार (31), सहदेव आर्मो (45) और एक अन्य 30 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं।
पसान पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को मुचलके पर छोड़ दिया गया। फिलहाल इस मामले में शासकीय प्रधान पाठक और सरपंच के नाम सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर क्षेत्रवासियों की नजर बनी हुई है।
