✍️ भागीरथी यादव
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक विधि से संघर्षरत बालक निरुद्ध; कोरबा और सक्ती से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद
कोरबा। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उरगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है। आरोपियों की निशानदेही पर कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से चोरी की गई दो तथा सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलों सहित कुल चार बाइक बरामद की गई हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल का साइलेंसर भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पहले मामले में ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी को निशाना बनाया गया था। एजेंसी संचालक जितेन्द्र कुमार टण्डन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 अक्टूबर 2026 की शाम दुकान बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने छत का टीन और पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर एक नई बिना नंबर की एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल तथा एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां चोरी कर ली थीं।
मामले की जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बरपाली के भट्ठी रोड में घेराबंदी कर शुभम कुमार कंवर और विनय कुमार कंवर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने शोरूम से मोटरसाइकिल और बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल और उसका साइलेंसर बरामद किया। आरोपियों ने बैटरियों को पकड़े जाने के डर से हसदेव नदी के गहरे पानी में फेंकने की जानकारी दी। इस मामले में पूछताछ के दौरान नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल का भी पता चला, जिसे बरामद किया गया।
भैसमा बाजार से बाइक चोरी का भी खुलासा
दूसरे मामले में 25 अक्टूबर की शाम भैसमा चौक के पास सड़क किनारे खड़ी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778 चोरी हो गई थी। वाहन मालिक ने करीब एक घंटे बाद लौटने पर बाइक गायब मिलने की शिकायत उरगा थाने में दर्ज कराई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस को सागौन बाड़ी, भैसमा के पास दो संदिग्धों के चोरी की मोटरसाइकिल लेकर जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महेन्द्र चौहान और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में भैसमा बाजार से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात सामने आई। पुलिस ने इस मामले में चोरी की बाइक के साथ नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, बालक किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश
पुलिस ने पहले मामले में शुभम कुमार कंवर (18 वर्ष), निवासी ठरकपुर पुरैना, थाना उरगा तथा विनय कुमार कंवर (19 वर्ष), निवासी पुराना रिस्दा, बालको, स्थायी पता पचपेड़ी, थाना उरगा को गिरफ्तार किया है। दूसरे मामले में महेन्द्र चौहान (18 वर्ष 4 माह), निवासी नगरदा, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया।
तीनों आरोपियों को 27 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जबकि बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में कुल चार मोटरसाइकिलें और एक साइलेंसर बरामद किया गया है। कार्रवाई से कोरबा और सक्ती जिले में हुई वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।
कोरबा पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
