कोरबा: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का प्रदर्शन, मानदेय वृद्धि सहित पांच सूत्रीय मांगें उठाईं देखें वीडियो…..

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा के आईटीआई चौक के पास हुआ प्रदर्शन, नियमितीकरण और सामाजिक सुरक्षा की मांग

 

कोरबा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संयुक्त मंच, छत्तीसगढ़ के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने कोरबा के आईटीआई चौक के पास प्रदर्शन कर अपनी विभिन्न मांगों को उठाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मानदेय में वृद्धि, नियमितीकरण, पदोन्नति और सामाजिक सुरक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

संयुक्त मंच की ओर से जारी पांच सूत्रीय मांग-पत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रतिमाह 30 हजार रुपये तथा सहायिकाओं को 25 हजार रुपये मानदेय देने की मांग प्रमुखता से शामिल है। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को नियमित करने, पदोन्नति में प्राथमिकता देने और समूह बीमा, पेंशन, ग्रेच्युटी तथा भविष्य निधि (पीएफ) जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

 

मांग-पत्र में सेवा के दौरान किसी कार्यकर्ता या सहायिका की आकस्मिक मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने, सेवा समाप्ति पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रतिवर्ष मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि करने की मांग भी रखी गई है।

 

श्रीमती वीना साहू ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं महिला और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में उनकी मेहनत और जिम्मेदारियों को देखते हुए मानदेय में उचित वृद्धि तथा सामाजिक सुरक्षा की सुविधाएं दी जानी चाहिए। उन्होंने शासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

 

प्रदर्शन के माध्यम से संयुक्त मंच ने शासन का ध्यान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए मांगों के शीघ्र निराकरण की अपेक्षा जताई।