30 हजार से अधिक राखियों से सैनिकों के सम्मान का संदेश

✍️ भागीरथी यादव

 

 

भाजपा महिला मोर्चा ने ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र–04’ के तहत पूर्व सैनिक संगठन को सौंपी राखियां

कोरबा। देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से भाजपा महिला मोर्चा द्वारा ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र–04’ का आयोजन किया गया। आर.पी. नगर फेस-01 स्थित दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं एवं बहनों ने सैनिकों के लिए 30 हजार से अधिक राखियां एकत्रित कर पूर्व सैनिक संगठन को सौंपी।

 

 

कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन तथा भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान एकत्रित राखियां पूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह राणा को भेंट की गईं। साथ ही उन्हें मां सर्वमंगला की पावन धरती का तिलक भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि देश के वीर जवान सीमा पर दिन-रात मुस्तैदी से डटे रहते हैं और उनके त्याग व बलिदान के कारण देशवासी सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। बहनों द्वारा भेजी गई राखियां सैनिकों के प्रति प्रेम, विश्वास और सम्मान का प्रतीक हैं।

भाजपा नेताओं ने कहा कि 30 हजार से अधिक राखियों का संग्रह महज एक संख्या नहीं, बल्कि कोरबा की बहनों की राष्ट्रभक्ति और देश के वीर सपूतों के प्रति अटूट स्नेह का संदेश है।

इस अवसर पर सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, जिला संयोजिका सांस्कृतिक प्रकोष्ठ अंजना सिंह सहित भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।