कोरबा : राजनीतिक गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में शिक्षक प्रवीण डहरिया निलंबित…..

✍️ भागीरथी यादव 

 

कोरबा। शासकीय सेवक रहते हुए राजनीतिक गतिविधियों में संलिप्तता और नगर पंचायत के कार्यों में कथित अनधिकृत हस्तक्षेप के मामले में कोरबा जिले में पदस्थ शिक्षक प्रवीण कुमार डहरिया को निलंबित कर दिया गया है। कार्यालय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, निलंबन की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से की गई है।

 

प्रवीण कुमार डहरिया शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कथरीमाल, विकासखंड करतला, जिला कोरबा में शिक्षक एलबी के पद पर पदस्थ हैं। उनके विरुद्ध जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा नगर पंचायत के प्रशासकीय एवं शासकीय कार्यों में अनाधिकृत हस्तक्षेप करने तथा राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले की जांच के बाद 16 सितंबर 2026 को प्रस्तुत प्रतिवेदन में शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटोग्राफ्स के आधार पर राजनीतिक दल के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों में उनकी सक्रिय संलिप्तता पाए जाने का उल्लेख किया गया।

 

आदेश में शिक्षक का यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 एवं 5 के विपरीत बताया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा के प्रस्ताव के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, करतला निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

 

नगर पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप की हुई थी शिकायत

 

उल्लेखनीय है कि बलौदा नगर पंचायत की अध्यक्ष कविता डहरिया के पति प्रवीण कुमार डहरिया के विरुद्ध कलेक्टर जन्मेजय महोबे से शिकायत की गई थी। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि कोरबा जिले में शिक्षक के पद पर पदस्थ होने के बावजूद वे नगर पंचायत की गतिविधियों में हस्तक्षेप करते हैं। शिकायत में जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान मंच पर बैठे होने से संबंधित तस्वीर का भी हवाला दिया गया था। जांच प्रतिवेदन के आधार पर शिक्षा विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की है।