शराब विवाद में हत्या के दोषी को आजीवन कारावास….

✍️ भागीरथी यादव

 

बालोद। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में लोहे के पाइप से हमला कर युवक की हत्या करने के मामले में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। मामला 10 जून 2025 का है। शराब भट्ठी लोहारा के पास विवाद के दौरान आरोपी ने विजय बघेल के सिर और माथे पर लोहे के पाइप से कई वार किए थे, जिससे उसकी मौत हो गई थी।

 

मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी मुकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच पूरी की। न्यायालय में राज्य शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक घनश्याम सिंह साहू ने पैरवी की। डेढ़ साल बाद मामले में न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।