ओवरटेक की जल्दबाजी बनी मौत का कारण: हाईवे पर पिकअप से भिड़ी बाइक, दो युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत

✍️ भागीरथी यादव

 

 

सरगुजा। जिले के बतौली थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ग्राम लालमाटी के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। जैसे ही बाइक ट्रक को पार कर सामने आई, विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वाहन से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया।

फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने के साथ ही हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे-43 पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।