बिल्हा सहकारी बैंक में 3.38 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा, कैशियर और लेखापाल समेत तीन गिरफ्तार….

✍️ भागीरथी यादव

 

चेक में काट-छांट कर बढ़ाई गई रकम, समिति के प्राधिकृत अधिकारी की भूमिका भी आई सामने; पुलिस ने तीनों को भेजा जेल

 

बिलासपुर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की बिल्हा शाखा में चेक और दस्तावेजों में कथित हेराफेरी कर 3 लाख 38 हजार रुपये के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। मामले में बिल्हा पुलिस ने बैंक के कैशियर, लेखापाल और सेवा सहकारी समिति के प्राधिकृत अधिकारी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा क्रमांक 63 में अलग-अलग कार्यवाही प्रस्तावों के माध्यम से तीन चेक जारी किए गए थे। इन चेकों में क्रमशः 51,900 रुपये, 1,82,080 रुपये और 80,150 रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। आरोप है कि हस्ताक्षर के बाद चेकों में काट-छांट और ओवरराइटिंग कर स्वीकृत राशि को बढ़ा दिया गया। इस तरह कुल 3 लाख 38 हजार रुपये का अतिरिक्त आहरण किया गया।

इस मामले में राजकुमार बरगाह ने 26 सितंबर 2026 को बिल्हा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने पाया कि बैंक के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय ने कथित रूप से हेराफेरी वाले चेकों को पास करने में भूमिका निभाई, जबकि कैशियर संजय सिंह बघेल ने चेक निरस्त करने के बजाय उनके आधार पर नकद राशि का भुगतान किया।

 

जांच में सेवा सहकारी समिति गुमा के प्राधिकृत अधिकारी एवं सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, चेकों और समिति के कार्यवाही प्रस्तावों में की गई काट-छांट की जांच नहीं की गई। इसके बाद मामले में बैंक कर्मचारियों और समिति से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की गई।

 

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 21 नवंबर 2026 को ऋषिकेश पाण्डेय (46), संजय सिंह बघेल (39) और राजकुमार बरगाह (48) को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले मामले में नामजद बैंक के सुपरवाइजर हितेश सलूजा और शाखा प्रबंधक लक्ष्मण कौशिक को उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिलने के बाद 21 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया था।

 

बिल्हा पुलिस ने तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर और प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार की विशेष भूमिका रही।