कोरबा दर्री: प्रधान आरक्षक के बेटे का मिला शव, दो दिन से था लापता….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा/दर्री। दर्री के प्रगति नगर में शनिवार को 21 वर्षीय अर्जुन सिंह का शव मिलने से क्षेत्र में शोक का माहौल है। अर्जुन के पिता पुलिस विभाग में प्रधान आरक्षक हैं और वर्तमान में बागों थाना में पदस्थ हैं। बेटे के लापता होने के बाद से परिवार उसकी तलाश कर रहा था, लेकिन शनिवार को उसका शव मिलने की खबर से परिजन सदमे में हैं।

 

जानकारी के अनुसार, दर्री के कैलाश विहार निवासी अर्जुन सिंह 18 नवंबर की सुबह करीब 11:15 बजे घर से कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा जाने की बात कहकर निकला था। वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BK 5768 से गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा।

 

परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अर्जुन के मोबाइल में लगे जियो और एयरटेल दोनों सिम 18 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे से बंद आ रहे थे। इसके बाद पिता धंजय कुमार सिंह ने 19 नवंबर को दर्री थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

 

परिवार को उम्मीद थी कि अर्जुन जल्द घर लौट आएगा, लेकिन शनिवार को प्रगति नगर में उसका शव मिलने की सूचना से सभी परेशान और दुखी हो गए।

 

फिलहाल अर्जुन का शव किन परिस्थितियों में मिला और उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।