पुरानी पेंशन व कर्मचारी हितों की मांग को लेकर जनता यूनियन ने टी.एस. सिंहदेव से की मुलाकात

✍️ भागीरथी यादव

कोरबा। जनता यूनियन कोरबा के प्रतिनिधिमंडल ने प्रांताध्यक्ष अनिल द्विवेदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री T. S. Singh Deo से कोरबा प्रवास के दौरान मुलाकात कर बिजली कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मंत्री Jai Singh Agrawal से भी भेंट कर कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से रखा।

यूनियन पदाधिकारियों ने बिजली कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने, नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने, ठेका एवं आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करने तथा संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग उठाई। इसके साथ ही रिक्त पदों पर सीधी भर्ती, विद्युत कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, भत्तों में बढ़ोतरी और कर्मचारी सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बिजली कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, ऐसे में उनके भविष्य की सुरक्षा और अधिकारों का संरक्षण सरकार की जिम्मेदारी है। यूनियन ने उम्मीद जताई कि सरकार कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेगी।

मुलाकात के दौरान प्रांतीय उपाध्यक्ष सम्मेलाल श्रीवास, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य सागर देवांगन, प्रमोद कुमार राठौर, कोरबा सर्कल अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद यादव, उपाध्यक्ष मोहम्मद नासिर खान, नीलांबर शर्मा, प्रचार सचिव दिलेश्वर प्रजापति, सह प्रचार सचिव अरुण सागर, अनूप जोलहे, जनरेशन शाखा (पश्चिम) अध्यक्ष गेंदराम साहू, जनरेशन शाखा (पूर्व) अध्यक्ष सुखीदास महंत तथा जॉर्ज के थंकाचंद सहित बड़ी संख्या में यूनियन कार्यकर्ता मौजूद रहे।