
✍️ भागीरथी यादव
एमसीबी। नए बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जेई और लाइनमैन को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार मनेंद्रगढ़ के डोमनापारा निवासी रमेश सिंह ने अपने घर में नया बिजली कनेक्शन लगवाने के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि कनेक्शन देने और घर तक लाइन खींचने के एवज में बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनीष कुमार बजाज और लाइनमैन राकेश शुक्ला ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता रमेश सिंह ने रिश्वत देने के बजाय अंबिकापुर स्थित ACB कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
बताया गया कि 25 मई को शिकायतकर्ता को तय रकम लेकर आरोपियों के पास भेजा गया। जैसे ही 9 हजार 500 रुपये की रिश्वत राशि जेई मनीष कुमार बजाज को दी गई, पहले से घात लगाए बैठी ACB टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान लाइनमैन राकेश शुक्ला को भी हिरासत में लिया गया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से बिजली विभाग कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। ACB अधिकारियों ने मौके पर दस्तावेजों की जांच की और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ भी की। इसके बाद दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अंबिकापुर ले जाया गया।
इस कार्रवाई के बाद शहर में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि बिजली कनेक्शन, मीटर सुधार और लाइन मरम्मत जैसे कार्यों में अवैध वसूली की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं।
फिलहाल ACB की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी पहल माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि आम नागरिक शिकायत करने की हिम्मत दिखाएं, तो ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई संभव
