महिला शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर ग्रामीणों से हुई चर्चा, बेटियों को लड़कों के समान अवसर देने का किया आह्वान
सुशील जायसवाल
कोरबा (जलके)। जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जलके के केंदई पंडो पारा में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 16 दिवसीय महिला जागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रहा है। 25 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से महिला शिक्षा, स्वास्थ्य, लैंगिक समानता, सामाजिक न्याय तथा महिलाओं के प्रति हिंसा और उत्पीड़न जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।

कार्यक्रम का आयोजन रजमेरु संस्था के मार्गदर्शन एवं सहयोग से जन संगठन वंचितों का संसद द्वारा किया जा रहा है। अभियान के तहत शिवप्रसाद उदय एवं उनके सहयोगी साथियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसमें महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं, उनके अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
कार्यक्रम में पंडो समाज की महिलाओं, पुरुषों, युवक-युवतियों सहित ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान समाज में व्याप्त लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने और महिलाओं को समान अधिकार एवं सम्मान दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बेटियों को भी मिले बराबरी के अवसर
कार्यक्रम में मितानिन शिवकुमारी करियाम ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में आज भी कई स्थानों पर लड़का और लड़की के बीच भेदभाव किया जाता है। इस सोच में बदलाव लाना जरूरी है। बेटियों को भी बेटों के समान शिक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक समानता की शुरुआत परिवार से होती है। बालिकाओं को पढ़ाई, खेलकूद, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर दिया विशेष जोर
अभियान के दौरान महिला शिक्षा एवं स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीण महिलाओं को बताया गया कि शिक्षा उन्हें अपने अधिकारों को समझने, आत्मनिर्भर बनने और सामाजिक निर्णयों में भागीदारी निभाने में सक्षम बनाती है। वहीं बालिकाओं की पढ़ाई बीच में नहीं छुड़ाने तथा उन्हें नियमित शिक्षा से जोड़ने की अपील की गई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों के माध्यम से किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों की जानकारी भी साझा की गई। महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील
कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, सामाजिक भेदभाव और लैंगिक असमानता जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। ग्रामीण महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा अन्याय और हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सहायता व्यवस्थाओं का लाभ लेने की जानकारी दी गई।
आयोजकों ने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान और अवसर देना एक शिक्षित, सशक्त एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण समुदाय में सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाने तथा महिला सम्मान और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर पंडो समाज के महिला-पुरुष, युवक-युवतियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं जन संगठन के सहयोगी साथी उपस्थित रहे।
