✍️ भागीरथी यादव
व्हाट्सएप और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से भेजता था आपत्तिजनक संदेश व फोटो, पुलिस ने मोबाइल और चैट के स्क्रीनशॉट किए जब्त
कोरबा। सोशल मीडिया के जरिए महिला को अश्लील संदेश और आपत्तिजनक फोटो भेजकर प्रताड़ित करने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने आरोपी को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी व्हाट्सएप और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से पीड़िता के साथ उसके परिजनों को भी लगातार परेशान कर रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने चौकी मानिकपुर, थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा घर से निकाले जाने के बाद उसका पति व्हाट्सएप और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से उसे तथा उसके परिजनों को अश्लील एवं आपत्तिजनक संदेश और फोटो भेज रहा था। इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा उसे जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। इससे पीड़िता और उसके परिजन मानसिक रूप से परेशान थे।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 704/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 296 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले में आईटी एक्ट की धाराएं जुड़ी होने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र एवं थाना सिविल लाइन की टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र यादव एवं सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी तथा स्टाफ ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिपोर्ट (सीडीआर) सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम खोरसीनाला, पनगांव में दबिश देकर आरोपी अश्थेश्वर रात्रे (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। साथ ही प्रकरण से संबंधित व्हाट्सएप चैट और इंस्टाग्राम संदेशों के स्क्रीनशॉट भी जप्त किए गए हैं। आरोपी को कोरबा लाकर विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने पर उसे जेल भेज दिया गया।
