कोरबा: पुराने बस स्टैंड में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश, सट्टे का कारोबार करते 7 आरोपी गिरफ्तार….

✍️ भागीरथी यादव

 

डायरी, रजिस्टर और मोबाइल में मिले सट्टे के सबूत, पुलिस ने 1,350 रुपये नकद सहित सामग्री की जब्त

 

कोरबा। शहर में अवैध सट्टे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए कोतवाली पुलिस ने अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पुराना बस स्टैंड और उसके आसपास के इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सट्टा-पट्टी लिखने और खिलाने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से नकदी के साथ सट्टे का हिसाब-किताब रखने वाली डायरी, रजिस्टर, कॉपियां और अन्य सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में जुआ-सट्टा सहित अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 नवंबर को कोतवाली पुलिस की टीम पेट्रोलिंग पर थी। इस दौरान मुखबिर से पुराना बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में सट्टा संचालित होने की सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर घेराबंदी कर दबिश दी।

 

इस दौरान कथित रूप से सट्टा-पट्टी लिखकर लोगों को दांव लगाने के लिए प्रेरित कर रहे सात लोगों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 1,350 रुपये नकद, सट्टे का हिसाब दर्ज करने वाली डायरी, रजिस्टर, कॉपियां, पेन तथा मोबाइल फोन में मौजूद सट्टे से संबंधित स्क्रीनशॉट बरामद किए गए।

 

गिरफ्तार आरोपियों में चिंटू केवट (21 वर्ष), सुजल चौहान (20 वर्ष), मेवालाल चौहान (38 वर्ष), भानु यादव (21 वर्ष), घासीदास (56 वर्ष), पप्पू सिंह (55 वर्ष) और भंवर सिंह केवट (58 वर्ष) शामिल हैं।

 

कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में अवैध सट्टा संचालित करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।