सुशासन तिहार 2026 : जनसमस्या निवारण शिविर में जरूरतमंदों को मिली सहायक सामग्री और योजनाओं का लाभ

227 आवेदन प्राप्त, 105 मामलों का मौके पर हुआ निराकरण

 

दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने प्रशासन के समक्ष रखी समस्याएं

 

सुशील जायसवाल

 

कोरबा (मोरगा)।

मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत जिले के विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में लगातार जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के साथ-साथ जरूरतमंद हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है।

इसी कड़ी में जिले की अंतिम सीमा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत मोरगा में गुरुवार 21 मई को जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति देखने को मिली। दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, मांगें और आवश्यकताओं को प्रशासन के समक्ष रखा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत के सीईओ जयप्रकाश डडसेना ने की। इसके अलावा मोरगा क्लस्टर अंतर्गत आने वाले 9 ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान कुल 227 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 105 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। शिविर में राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सेवाएं तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित मामलों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया गया।

 

इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सहायक सामग्री, प्रमाण पत्र एवं अन्य सुविधाएं भी वितरित की गईं। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

 

ग्रामीणों ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों से उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और मौके पर ही अधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित हो जाता है। लोगों ने शासन की इस पहल को जनहितकारी बताते हुए सराहना की।

 

सुशासन तिहार के माध्यम से शासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ा है तथा समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया में तेजी आई है।

 

कार्यक्रम में तहसीलदार सुमन दास मानिकपुरी, वन परिक्षेत्र अधिकारी केंद्ई अभिषेक दुबे, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ प्रदीप मरकाम, सहायक अभियंता एच.एन. शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.आर. दयाल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी चोटिया निशा कंवर, बीएमओ दीपक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही सचिन दिल सिंह, दिलीप कुमार, राकेश बिंझवार, आसपास के सरपंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में मौजूद रहे।