कोरबा: सिरमिना के आमामुड़ा में बनेगी सीसी सड़क, विद्वान सिंह मरकाम ने किया भूमिपूजन…

 

आमामुड़ा मेन रोड से दुर्जन मरकाम के घर तक होगा निर्माण, बारिश में कीचड़ और आवागमन की परेशानी से ग्रामीणों को मिलेगी राहत

 

सुशील जायसवाल

 

कोरबी-चोटिया (कोरबा)। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिरमिना के आमामुड़ा मोहल्ले में सीसी सड़क निर्माण कार्य का मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को विधिवत भूमिपूजन किया गया। जिला पंचायत सदस्य एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में नारियल तोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।

प्रस्तावित सीसी सड़क का निर्माण आमामुड़ा मेन रोड से दुर्जन मरकाम के घर तक किया जाएगा। इस सड़क की मांग लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी। कच्चा और असमतल रास्ता होने के कारण विशेषकर बारिश के दिनों में लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कीचड़ और फिसलन के चलते बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को भी दिक्कतें होती थीं।

 

भूमिपूजन के दौरान जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। प्रत्येक मोहल्ले तक विकास कार्यों का लाभ पहुंचना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को रोजमर्रा की समस्याओं से राहत मिल सके।

 

उन्होंने सड़क निर्माण को मोहल्ले के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं ग्रामीणों ने इस कार्य की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा कराया जाएगा।

 

इस अवसर पर ग्राम पंचायत सिरमिना की सरपंच श्रीमती कैलाश पूरन सिंह श्याम, उपसरपंच अनुराग जायसवाल, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सीसी सड़क निर्माण की पहल से आमामुड़ा मोहल्ले के लोगों में खुशी का माहौल है। निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।