डेढ़ लाख की रिश्वत लेते GST की असिस्टेंट कमिश्नर गिरफ्तार, ACB ने बिछाया जाल…

✍️ भागीरथी यादव

 

 

डेढ़ लाख की रिश्वत लेते GST की असिस्टेंट कमिश्नर गिरफ्तार, ACB ने बिछाया जाल

 

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए GST विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। रायपुर और जगदलपुर की ACB टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर में पदस्थ GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी पर एक कबाड़ी कारोबारी से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। कारोबारी ने इस संबंध में ACB से शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की।

 

बताया जा रहा है कि ACB की टीम ने कांकेर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में जाल बिछाया। जैसे ही अधिकारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, पहले से तैनात टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया। कार्रवाई में रायपुर और जगदलपुर की संयुक्त टीम शामिल रही।

 

GST विभाग की वरिष्ठ अधिकारी की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद विभागीय और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल ACB की टीम मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।