कोरबा: तंबाकू बेचने वालों पर पुलिस की नजर, चार क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई….

✍️ भागीरथी यादव

 

दर्री, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा और सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई

 

कोरबा। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस ने जिले में तंबाकू नियंत्रण अभियान के तहत कार्रवाई की है। विशेष रूप से स्कूलों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पाद बेचने वाली दुकानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है।

पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 21 नवंबर को जिले के चार थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कुल 15 दुकानदारों के विरुद्ध कोटपा एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना दर्री क्षेत्र में 4, कुसमुंडा में 4, बांकीमोंगरा में 4 तथा चौकी सर्वमंगला क्षेत्र में 3 प्रकरण दर्ज किए गए। इस तरह कुल 15 मामलों में संबंधित दुकानदारों पर कार्रवाई की गई।

 

पुलिस का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान रोकना और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तंबाकू नियंत्रण अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।