सुशील जायसवाल
सिरमिना/पोड़ी उपरोड़ा । जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र एवं पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिरमिना स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति परिसर में सहकारिता सप्ताह के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि एवं समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैल चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं श्रीफल अर्पित कर किया गया। इसके बाद सहकारिता ध्वज फहराया गया तथा सभी उपस्थित लोगों ने राजकीय गीत का सामूहिक गायन कर प्रदेश और देश के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जनपद सदस्य भरत सिदार ने कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में समिति से जुड़कर शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
वहीं ग्राम पंचायत सिरमिना की सरपंच श्रीमती कैलाश राज ने कहा कि सहकारिता की भावना से ही गांव और किसानों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने किसानों को एकजुट होकर समिति की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समिति के प्राधिकृत अधिकारी रवि कुमार मरकाम ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सहकारी समिति किसानों की हर आवश्यकता का केंद्र है। समिति के माध्यम से किसानों को खाद, बीज, कृषि ऋण, धान खरीदी सहित विभिन्न प्रकार की सुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने किसानों से सहकारिता की भावना को मजबूत करने और समिति से निरंतर जुड़े रहने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक किसान को सहकारी संस्थाओं के माध्यम से योजनाओं का सीधा लाभ मिले तथा कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध हो सकें। सहकारी समितियां न केवल किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करती हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन समिति के कम्प्यूटर ऑपरेटर सोमेश्वर देवांगन द्वारा किया गया। उनके द्वारा सहकारिता सप्ताह के महत्व और समिति की गतिविधियों की भी जानकारी उपस्थित किसानों को दी गई।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रकाश पटेल, लक्ष्मी जायसवाल, लाला प्रताप सिंह, रामलाल साहू, ईश्वर बिंझवार, रामेश गोपाल, बालकृष्ण गुप्ता, रामनरेश पांडेय, समिति प्रबंधक आनंद कौशिक, जीवन पेंद्रो, अमित पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर किसानों ने सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने और शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और सहभागिता का वातावरण देखने को मिला, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में सहकारिता के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
