पताढ़ी में अडानी प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण पर बवाल, रोजगार की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रुकवाई कार्रवाई

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। ग्राम पताढ़ी में प्रस्तावित अडानी प्लांट के लिए चल रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया मंगलवार को ग्रामीणों के विरोध के चलते थम गई। रोजगार और पुनर्वास की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण अधिग्रहण स्थल पर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए काम रुकवा दिया। मौके पर भारी पुलिस बल और 5 से 7 मशीनें तैनात थीं।

जानकारी के अनुसार, अधिग्रहण क्षेत्र में कुल 795 खाताधारक हैं। इनमें से अब तक 128 खाताधारकों को नोटिस जारी किया जा चुका है। प्रशासन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है, लेकिन प्रभावित ग्रामीणों का कहना है कि उनकी जमीन ही उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन है। इसलिए भूमि देने से पहले रोजगार और पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था की जानी चाहिए।

ग्रामीणों ने मांग रखी कि अधिग्रहण से प्रभावित सभी 795 खाताधारकों को स्थायी रोजगार दिया जाए। उनका कहना है कि जब तक सभी प्रभावित परिवारों के हितों की सुरक्षा का भरोसा नहीं मिलता, तब तक किसी भी कीमत पर अधिग्रहण की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ने दी जाएगी।

विरोध की सूचना पर एसडीएम सरोज महिलांगे और अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान निकालने का प्रयास किया। काफी देर तक प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत चलती रही।

समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी थी और भूमि अधिग्रहण का कार्य रुका हुआ था। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि ग्रामीण अपनी मांगों पर डटे हुए हैं।