प्रगतिशील किसानों के खेतों का किया भ्रमण, कम लागत में बेहतर उत्पादन के मिले गुर
सुशील जायसवाल
कोरबा/दुल्लापुर। किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम दुल्लापुर में 105 रबी फसल हितग्राही किसानों का एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया। एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज के सहयोग से डब्ल्यूओटीआर द्वारा संचालित नीरांजली परियोजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न गांवों के किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एक्सपोजर विजिट में ग्राम लैंगी, पोड़ीकला, धौरामुड़ा, कुम्हारीदर्री, अमलीबहरा, पिपरिया एवं कोड़गार के किसान शामिल हुए। इस दौरान किसानों ने ग्राम दुल्लापुर के प्रगतिशील किसान बाबूलाल एवं हरिनाम सिंह के सब्जी उत्पादन प्लॉट का भ्रमण कर उन्नत खेती की तकनीकों की जानकारी ली।
भ्रमण के दौरान किसानों ने टमाटर, बैंगन, मिर्च एवं करेला की फसलों का अवलोकन किया। साथ ही बीज एवं पौध प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था, पौधों की देखभाल तथा बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के तरीकों को करीब से समझा। प्रगतिशील किसानों ने अपने खेती के अनुभव साझा करते हुए कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने सवाल-जवाब के माध्यम से खेती से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्हें पारंपरिक खेती के साथ सब्जी उत्पादन और फसल विविधीकरण अपनाकर अतिरिक्त आय अर्जित करने की संभावनाओं की जानकारी मिली।
इस एक्सपोजर विजिट का मुख्य उद्देश्य रबी फसल हितग्राही किसानों को सफल कृषि मॉडल से जोड़ना, उन्नत सब्जी उत्पादन तकनीकों से अवगत कराना तथा उनकी आजीविका को मजबूत बनाना रहा। यह आयोजन किसानों के लिए सीखने और नए कृषि तरीकों को अपनाने की दिशा में प्रेरणादायक साबित हुआ।
फोटो कैप्शन: ग्राम दुल्लापुर में प्रगतिशील किसान बाबूलाल एवं हरिनाम सिंह के सब्जी उत्पादन प्लॉट का अवलोकन करते रबी फसल हितग्राही किसान।
