मालती किन्नर के निधन से कोरबा में शोक, सामाजिक क्षेत्र ने खोया अपना मजबूत चेहरा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। किन्नर समाज की अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता मालती किन्नर के निधन से कोरबा में शोक की लहर दौड़ गई है। पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहीं मालती किन्नर ने उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही किन्नर समाज, परिचितों और शुभचिंतकों में गहरा दुख व्याप्त हो गया।

मालती किन्नर सामाजिक सरोकारों से गहराई से जुड़ी हुई थीं। उन्होंने किन्नर समाज के हितों, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया और समाज की आवाज को मजबूती से सामने रखा। सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही और जरूरतमंदों के सुख-दुख में भी वे हमेशा साथ खड़ी दिखाई देती थीं।

समाज ने खोया अपनी आवाज को

मालती किन्नर के निधन को किन्नर समाज और सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके सरल व्यवहार, सामाजिक सक्रियता और समाज के प्रति समर्पण को लोग भावुक होकर याद कर रहे हैं।

उनके निधन की खबर से समाज के लोगों में मायूसी छा गई। परिचितों और शुभचिंतकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मालती किन्नर का जीवन समाज के लिए समर्पित रहा। उनके जाने से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे भर पाना आसान नहीं होगा।

मालती किन्नर भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन सामाजिक हितों के लिए उनके संघर्ष, योगदान और लोगों के प्रति उनकी संवेदनशीलता हमेशा याद की जाती रहेगी। उनके निधन से कोरबा ने सामाजिक क्षेत्र की एक सक्रिय और संवेदनशील आवाज खो दी है।