✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जरूरतमंदों और मरीजों के परिजनों को निःस्वार्थ भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित छत्तीसगढ़ हेल्प वेलफेयर सोसाइटी की ‘भारत मां की रसोई’ ने अपनी सेवा के 10 वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर जिला अस्पताल कोरबा (100 बेड) में विशेष भोजन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मरीजों, उनके परिजनों और जरूरतमंदों को भोजन कराया गया।
भारत मां की रसोई ने 15 अगस्त 2016 से 15 अगस्त 2026 तक लगातार 3653 दिनों की निर्विघ्न भोजन सेवा पूरी की। सेवा उत्सव के दौरान पुलाव, पूड़ी, दाल, पनीर की सब्जी और खीर तैयार कर लोगों को आत्मीयता के साथ परोसा गया।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष ललित मखीजा, विहिप कोरबा जिला अध्यक्ष अमरजीत सिंह तथा रामपुर सिविल लाइन थाना प्रभारी डीएसपी आस्था शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर भारत मां के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यकर्ताओं ने सेवा का संकल्प दोहराया। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि ‘भारत मां की रसोई’ केवल भोजन वितरण का अभियान नहीं, बल्कि ‘सेवा ही संस्कार है’ की भावना को समाज तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास है।
पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले दस वर्षों में कार्यकर्ताओं, दानदाताओं, सेवा सहयोगियों और समाज के सहयोग से यह सेवा लगातार जारी रही है। 3653 दिनों की सेवा यात्रा पूरी होने पर संस्था ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने का संकल्प लिया।
संस्था ने कहा कि सेवा की यह ज्योत आगे भी निरंतर प्रज्वलित रहेगी और प्रयास रहेगा कि कोई जरूरतमंद भूखा न रहे।
