जुआरियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, तीन जगहों पर दबिश देकर 15 गिरफ्तार; 44,890 रुपये जब्त…

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी। जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने एक साथ तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 15 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 44 हजार 890 रुपये नकद और ताश की 52-52 पत्तियां जब्त की हैं।

 

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में जुआ और सट्टा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली, चौकी करेलीबड़ी और थाना सिहावा की पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।

 

पहली कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस ने धमतरी के मिशन ग्राउंड में की। यहां ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे भावेश जैन और कैलाश केशवानी को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 41 हजार 200 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की गईं।

 

दूसरी कार्रवाई चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने ग्राम भेण्ड्री में जैतखाम के सामने पीपल पेड़ के नीचे की। यहां जुआ खेलते हुए ज्ञानेश्वर मांड़े, राकेश निषाद, रूपेश निषाद, चंद्रशेखर सिन्हा और टिकेश निषाद को पकड़ा गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 1,150 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां बरामद कीं।

 

इसी तरह तीसरी कार्रवाई थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम सांकरा गौठान के पीछे की। यहां जुआ खेलते हुए गिरधर निषाद, द्वारिका साहू, नौहर लाल साहू, ईश्वर तारक, मोहन ओटी, अश्वन साहू, संतोष नाथ और राजू साहू को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 2,540 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की गईं।

 

पुलिस ने तीनों मामलों में गिरफ्तार सभी 15 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

 

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।