महीनों बाद कोरबा लौटे हाथियों के दल, पसान और केंदई क्षेत्र में बढ़ी सतर्कता; वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

सुशील जायसवाल

 

कोरबा/पसान। महीनों के लंबे अंतराल के बाद गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले की सीमा से हाथियों का एक बड़ा दल वापस कोरबा जिले में प्रवेश कर गया है। हाथियों की वापसी से पसान और आसपास के सीमावर्ती गांवों में ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। वन विभाग के अनुसार हाथियों का दल कुम्हारीसानी क्षेत्र से होते हुए कटघोरा वनमंडल के पसान वन परिक्षेत्र अंतर्गत कक्ष क्रमांक 163 में विचरण कर रहा है। इस क्षेत्र में परसा, पनिहा और बनखेत्ता गांव के आसपास के जंगल शामिल हैं।

इधर, बीते 9 नवंबर की रात सूरजपुर जिले की ओर से 12 हाथियों का एक अन्य दल केंदई वन परिक्षेत्र में प्रवेश कर गया है। वहीं एक दंतैल हाथी चोटिया के जंगल में विचरण कर रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। वन अमला लगातार हाथियों की गतिविधियों और उनकी दिशा पर नजर रख रहा है, ताकि ग्रामीणों को समय रहते सतर्क किया जा सके।

 

ग्रामीणों को जंगल जाने से बचने की सलाह

 

हाथियों की आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने प्रभावित गांवों के ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी करते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण लकड़ी, महुआ और अन्य वनोपज एकत्र करने के लिए जंगल न जाएं। जंगल से लगे रास्तों और पगडंडियों पर अकेले आवागमन करने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सुरक्षित रखने तथा रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

 

वन विभाग ने हाथियों के नजदीक जाकर फोटो और वीडियो बनाने से भी मना किया है। हाथियों को पत्थर मारने, पटाखे फोड़ने या शोर मचाकर भगाने का प्रयास न करने की हिदायत दी गई है। ग्रामीणों से अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने और रात में बाहर निकलने की स्थिति में टॉर्च का उपयोग करने को कहा गया है।

 

हाथियों की गतिविधि दिखने पर तत्काल दें सूचना

 

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी या उनकी आहट मिलने पर तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी, बीट गार्ड अथवा वन विभाग को सूचना दें। हाथियों के करीब जाने या उन्हें घेरने का प्रयास न करें। विभाग का कहना है कि ग्रामीणों की थोड़ी सी सतर्कता और सावधानी संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

 

फिलहाल पसान और केंदई वन परिक्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग सतर्क है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।