✍️ भागीरथी यादव
जेलगांव के घर के शौचालय में मिला शव, दर्री पुलिस जांच में जुटी
कोरबा/दर्री। छोटी-सी बात पर घर में हुए विवाद के बाद एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। दर्री थाना क्षेत्र के जेलगांव में 17 वर्षीय छात्रा सानिया बानो की दुखद मौत से पूरे मोहल्ले में शोक और स्तब्धता का माहौल है। घर के शौचालय में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।

जानकारी के अनुसार, अयोध्यापुरी निवासी शरीफ कुरैशी की पुत्री सानिया बानो कक्षा नौवीं की छात्रा थी। उसका परिवार जेलगांव में कार गैरेज के पीछे एक मकान में किराए से रहता है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले मोबाइल फोन को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद हुआ था। विवाद से नाराज मां ने मोबाइल फोन छिपा दिया था और घर में रोजाना मोबाइल को लेकर होने वाले झगड़े पर नाराजगी जताई थी।
बताया जाता है कि घटना के दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी बीच सानिया घर के छोटे से शौचालय में चली गई। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकली तो परिजनों को चिंता हुई। दोपहर करीब 3 बजे उसकी तलाश की गई, तब शौचालय के अंदर उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना सुबह 11 से दोपहर 12 बजे के बीच की बताई जा रही है, जबकि परिजनों को इसकी जानकारी लगभग 3 बजे हुई।
फिलहाल दर्री पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
एक छोटी-सी उम्र, कई अधूरे सपने और परिवार की उम्मीदें पीछे छोड़कर छात्रा का इस तरह दुनिया से चले जाना पूरे क्षेत्र को गमगीन कर गया है। घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
